राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम : सघन कुष्ठ खोज अभियान 15 जून से 15 जुलाई तक, घर-घर जाकर होगी पहचान
Praveen Nishee Thu, Jun 18, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में सघन कुष्ठ खोज अभियान (LCDC - Leprosy Case Detection Campaign) का आयोजन 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि कुष्ठ रोग के उन्मूलन तथा समुदाय में इसके संक्रमण को रोकने के लिए रोगियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इससे रोग के प्रसार को नियंत्रित करने के साथ-साथ कुष्ठ जनित विकलांगता से भी बचाव संभव हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिन घर-घर जाकर भ्रमण करेंगे तथा कुष्ठ रोग के संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों की पहचान करेंगे। जिन व्यक्तियों में कुष्ठ रोग की पुष्टि होगी, उन्हें शासन की मार्गदर्शिका के अनुसार निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. विनीत विश्वकर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, जिला कुष्ठ सलाहकार संतोष सिंह तथा जिला डाटा प्रबंधक भास्कर निराला द्वारा जिले के समस्त बीपीएम, बीटीईओ, सुपरवाइजर, सीएचओ एवं पाडा कर्मियों को अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि अभियान के दौरान घर आने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक जानकारी प्रदान करें तथा कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक होकर इसके उन्मूलन में सहयोग करें।

विज्ञापन