शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में : हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव
Praveen Nishee Thu, Jun 25, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिक्षा विभाग मनेंद्रगढ़ में शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत करना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सी.एल. बंजारे, उपाध्यक्ष कल्पना साहू सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। प्राचार्य अर्चना वैष्णव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी तथा नए शैक्षणिक सत्र के लक्ष्यों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूर्व विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव ने विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का आश्वासन दिया। पार्षद अनिल प्रजापति ने छात्राओं को शिक्षकों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ते हुए देश, समाज और परिवार का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। पार्षद दयाशंकर यादव, नीलू जायसवाल एवं शांता जायसवाल ने भी नवप्रवेशी छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सी.एल. बंजारे ने विद्यालय के समग्र विकास के लिए समिति की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक-चंदन लगाकर, गणवेश, पुस्तकें एवं मिठाई प्रदान कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर शिक्षाविद् मनोहर खियानी, राजीव सोनी एवं अशोक साहू भी उपस्थित रहे। साथ ही गत शैक्षणिक सत्र में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पेन देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की पूर्व अध्यक्ष अनुपमा निशी ने दो पंखे तथा समाजसेविका रीनू प्रसाद ने एक पंखा विद्यालय को सहयोग स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में व्याख्याता नारायण तिवारी, टी. विजय गोपाल राव, गोविंद दास, राजेश सिंह सहित समस्त शिक्षक परिवार उपस्थित रहा। शिक्षकों ने शासन के निर्देशानुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम, नियमित उपस्थिति एवं छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयास करने का संकल्प लिया।

विज्ञापन