: कन्या विद्यालय में आयोजित किया गया वीर बाल दिवस
Thu, Dec 26, 2024
मनेद्रगढ़। एमसीबी। सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह के साहबजादे जोरावर सिंह ,फतेह सिंह अजीत सिंह एवं जुझार सिंह के शहादत की स्मृति में जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में वीर बाल दिवस का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम गुरु गोविंद सिंह के साहबजादों के छायाचित्र पर आमंत्रित अतिथियों के द्वारा श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया, तत्पश्चात साहिब जादे जोरावर सिंह फतेह सिंह अजीत सिंह जुझार सिंह के बलिदान शौर्य और पराक्रम पर अतिथियों के द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई। छात्रा रिया द्विवेदी दिलप्रीत कौर ने वीर बाल दिवस की सार्थकता पर विस्तार से चर्चा की। ब्लॉसम एकेडमी स्कूल के छात्रों के द्वारा शौर्य और पराक्रम दिखलाते हुए शस्त्र प्रदर्शन किया गया ।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में आयोजित वीर बाल दिवस के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक नीरज अग्रवाल, उपस्थित थे ।विशिष्ट अतिथि के रूप में जे के सिंह, डॉ रश्मि सोनकर, जी पी बुनकर, जसपाल कालरा, सतीश उपाध्याय, जयंती यादव ,इकबाल सिंह जसविंदर सिंह ,प्राचार्य यूं बी मिश्रा, सत्येंद्र सिंह , गौरव अग्रवाल ,टी विजय गोपाल राव ,शिवशेखर सिंह अशोक साहू, मधुमिता, स्वाति, राजीव सोनी, रामरक्षा द्विवेदी,गोविंद दास, सिद्धकी तारीक, मुकेश बैगा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन नारायण प्रसाद तिवारी ने किया।
: आज के चर्चित व्यक्तित्व - बीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव
Thu, Dec 26, 2024
इस बार के चर्चित व्यक्तित्व बीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव अपने पर्यटन एवं पर्यावरण के साप्ताहिक लेखन के लिए इस समय काफी चर्चा में है इनका परिवार काशी बनारस के गौसपुर गांव से वर्ष 1920 में कोरिया आया था इनके दादा स्वर्गीय पुरुषोत्तम लाल श्रीवास्तव तत्कालीन कोरिया रियासत के राजा रामानुज प्रताप सिंह देव के शिकार दरोगा नियुक्त किए गए थे. उस समय शेरों का शिकार राजा की कीर्ति में शामिल होता था यही कारण था कि उस समय के घने जंगल ढुलकू बिहारपुर और बाहीं जैसे तीन गांव की जमीदारी का कार्य राजा साहब ने इन्हें इनाम में दिया था. पिता स्वर्गीय शिव शंकर श्रीवास्तव समृद्ध कृषक होने के बावजूद रोजी-रोटी के लिए वेटरनरी कंपाउंडर मनेन्द्रगढ़ की नौकरी पर पदस्थ थे. कृषि एवं बागवानी के शौक के कारण इन्हें 1964 में विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के श्रेष्ठ बगीचे का सम्मान एवं शील्ड प्राप्त हुआ था.
30 जुलाई 1955 को मनेन्द्रगढ़ के सामान्य परिवार में जन्मे बीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव की प्राथमिक शिक्षा मनेन्द्रगढ़ में औसत छात्र के रूप में हुई अपने मिडिल स्कूल की शिक्षा के समय इन्हें तत्कालीन सांस्कृतिक शिक्षक आर जी कश्यप एवं डी पी भारद्वाज सर के प्रेरणा एवं प्रोत्साहन ने सर्वप्रथम 1965 में जय स्तंभ चौक (वर्तमान राम मंदिर परिसर) मनेन्द्रगढ़ में पहली कविता प्रस्तुति का मौका दिया और इसी के साथ इनकी साहित्यक यात्रा प्रारंभ हुई. यह कविता उनके अग्रज कैलाश नाथ श्रीवास्तव की लिखी हुई थी. 1971 में शास. उ.मा. विद्यालय मनेन्द्रगढ़ से हायर सेकेंडरी करने के बाद इस अंचल के सबसे पुराने कॉलेज लाहिड़ी महाविद्यालय चिरमिरी से इन्होंने बीएससी प्रथम वर्ष की परीक्षा पास की और आगे की शिक्षा के लिए शासकीय महाविद्यालय अंबिकापुर का रुख किया, जहां अपनी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का परिचय देते हुए शेक्सपियर द्वारा लिखित "ओथेलो" नाटक में भागीदारी करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया. नाटक की यही भागीदारी अंबिकापुर आकाशवाणी में अनुमोदित रेडियो नाटक कलाकार चयन का आधार बनी और कई नाटकों में अपनी आवाज दी. छोटे-छोटे लेखन के साथ अपनी पहचान बनाने वाले बीरेंद्र श्रीवास्तव आकाशवाणी के प्रारंभिक काल 1976- 77 से ही युव-वाणी कार्यक्रम के साहित्यकार से सामान्य वार्ता के साहित्यकार का सफर तय किया और धीरे-धीरे कविता, कहानी, व्यंग के एक सशक्त हस्ताक्षर के रूप में उभर कर अंचल में अपनी पहचान बनाई.1974 में शास. महाविद्यालय अम्बिकापुर से बीएससी शिक्षा पूर्ण करने के बाद कोल इंडिया द्वारा स्थापित माइनिंग डिप्लोमा कॉलेज विश्रामपुर (आर टी आई) में चयनित हो जाने के कारण इन्होंने 1976 से 1979 के बैच में अपना माइनिंग डिप्लोमा पूरा किया और 1981 से एसईसीएल हसदेव क्षेत्र मे जूनियर माइनिंग इंजीनियर की नौकरी ज्वाइन कर ली. लेकिन कोल इंडिया की नौकरी के बाद भी सतत रूप से साहित्य सेवा में भी लगे रहे और तत्कालीन दौर में लघु पत्रिका आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 1980 में "शुरुआत" नाम की पत्रिका का संपादन माता चरण मिश्रा के साथ संयुक्त संपादन में शुरू किया पहले अंक के बाद स्वयं के संपादन मे लगातार प्रकाशित यह पत्रिका 1995 तक प्रकाशित होने के बाद बंद हो गई. यह पत्रिका अपनी उपलब्धियां में जहां स्वर्गीय हरिवंशराय बच्चन जैसे साहित्यकारों को अपने पाठकों में शामिल करती थी, वहीं देश के महानगरों सहित अंचल के साहित्यिक चेतना की एक अग्रणी पत्रिका बन चुकी थी. यही कारण है कि इसमें आज के वर्तमान ख्याति प्राप्त रचनाकार गिरीश पंकज, सतीश जायसवाल, विजय सिंह, विजय गुप्त, अनिल जन्मेजय, कुंवर रविंद्र, डॉ. सतीश देशपांडे, नारायण लाल परमार, बनाफर चंद्र, एवं डा. जयंती भट्टाचार्य जैसे रचनाकारों की रचनाओं को भी स्थान दिया गया.
अपनी चर्चित साहित्यिक सांस्कृतिक गतिविधियों के कारण बीरेन्द्र श्रीवास्तव 1990 में अविभाजित सरगुजा जिले (वर्तमान सरगुजा संभाग) के साक्षरता अभियान के लिए (ब्रांड एंबेसडर) साक्षरता दूत नियुक्त किए गए. राष्ट्रीय साक्षरता मिशन नई दिल्ली द्वारा नियुक्त इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए एसईसीएल से इनकी सेवाएं वेतन सहित 06 महीने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा मिशन नई दिल्ली को सौंप दी गई थी. सरगुजा जिले के सौ गांवों मे प्रस्तुति एवं रविंद्र भवन ऑडिटोरियम भोपाल के मंच पर सरगुजा जिले के साक्षरता गीतों की प्रस्तुति हेतु तत्कालीन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुंदरलाल पटवा जी द्वारा सराही एवं सम्मानित की गई.
सुदीर्घ आजीवन साहित्य सेवा के लिए वागीश सम्मान 2024 से सम्मानित बीरेन्द्र श्रीवास्तव की कलम ने अब तक दो काव्य संग्रह "बरगद की चिंता" वर्ष 1995 मे एवं "आज का एकलव्य" वर्ष 2019 से हिंदी साहित्य को समृद्ध किया है, जो मेघ प्रकाशन एवं ब्लूरोज पब्लिकेशन नई दिल्ली से प्रकाशित है. यह मनेन्द्रगढ़ का गौरव है कि इनकी कविता संग्रह आज का एकलव्य प्रधानमंत्री के निजी संग्रहालय में शामिल है. आगामी फरवरी 2025 में न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन नई दिल्ली से "बीरेंन्द्र श्रीवास्तव, चुनी हुई कविताएं" शीर्षक से एक काव्य संग्रह 6 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय दिल्ली पुस्तक मेला 2025 में लोकार्पित होने जा रही है. मनेन्द्रगढ़ जिले के जाने अनजाने पर्यटन, पिकनिक स्पाट एवं पर्यावरण पर केंद्रित पुस्तक "उत्तरांचल छत्तीसगढ़ का पर्यटन" जिसमें मनेन्द्रगढ़ जिले के जाने अनजाने पर्यटन एवं पिकनिक स्पॉट के ऐतिहासिक दस्तावेजों की जानकारी सहित पुस्तक के जल्द ही प्रकाशन की संभावना है. इसी तरह मनेन्द्रगढ़ के 100 साल के ऐतिहासिक दस्तावेज में कारीमाटी से मनेन्द्रगढ़ तक के उदय और व्यापारिक विकास के ऐतिहासिक दस्तावेज की पुस्तक "छत्तीसगढ़ की कारी माटी मनेन्द्रगढ़" जल्दी ही आपके हाथों में होगी. जो मनेन्द्रगढ़ के उत्थान और पतन की एक अनजानी गाथा होगी वही वर्तमान एवं भविष्य के छात्रों के शोध के लिए संचित सामग्री के रूप में एक धरोहर साबित होगी. वर्तमान में अंचल के पर्यावरण एवं पर्यटन पर लगातार साप्ताहिक लेख लिखने वाले बीरेंन्द्र श्रीवास्तव अपनी लेखन शैली के कारण एक अलग पहचान बना चुके हैं .
: शौर्य की पराकाष्ठा के सामने कम आयु मायने नहीं रखती- सुखविंदर
Thu, Dec 26, 2024
मनेद्रगढ़। एमसीबी। सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह के साहबजादों के शौर्य और बलिदान की स्मृति में पतंजलि योग समिति के द्वारा -"वीर बाल दिवस" का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विशेष वक्ता सुखविंदर टेक्सटाइल के संचालक सरदार सुखविंदर सिंह, दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की कक्षा नवमी की छात्रा आस्था सलूजा, विजय नर्सरी इंग्लिश मीडियम स्कूल की शिक्षिका रेखा निषाद, पतंजलि योग समिति के योग साधक रामसेवक विश्वकर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह नीरज कुमार अग्रवाल (नीटू, )पतंजलि योग समिति के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं जिला प्रभारी सतीश उपाध्याय, ने गुरु गोविंद सिंह के साहबजादों जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह की शौर्य एवं बलिदान के विभिन्न संदर्भों की जानकारी दी।
सिख पंथ की गरिमा और सम्मान की रक्षा हेतु गुरु गोविंद सिंह के साहबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह के छोटी उम्र में ही किये गये अप्रतिम बलिदान को रेखांकित करते हुए सरदार सुखविंदर सिंह ने कहा- सिख समुदाय की शौर्य गाथा हमारी विरासत है एवं मानवता के विश्वास का सबसे बड़ा प्रतीक है। अजीत सिंह और जुझार सिंह चमकौर की लड़ाई में बलिदान दिए तो वहीं जोरावर सिंह और फतेह सिंह को दीवारों में चुनवा दिया गया हमें इससे देशप्रेम की प्रेरणा लेनी चाहिए। इतिहास में उल्लेखित त्याग और बलिदान से जुड़े भारतीय इतिहास की परंपरा की चर्चा करते हुए कार्यक्रम के संयोजक एवं वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा बहादुर बच्चों की वीरता के पुरस्कार को प्रतिवर्ष वीर बाल दिवस के दिन देने के निर्णय पर प्रसन्नता जाहिर की। श्री उपाध्याय ने कहा इससे गुरु गोविंद सिंह के साहबजादे का पराक्रम से जुड़ा जीवन संदेश देश के हर बच्चे तक पहुंचेगा एवं वे इनसे प्रेरणा लेकर देश के लिए समर्पित नागरिक बनेंगे। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की छात्रा आस्था सलूजा ने कहा कि जब हम अपनी विरासत पर गर्व करते हैं तो दुनिया हमें अलग नजरिए से देखती है। आस्था ने कहा भारत वह देश है जहां चंद्रगुप्त मौर्य जैसे युवा एक महान साम्राज्य बना लेता है भारत वह देश है जहां बालक ध्रुव कठोर तपस्या करता है भारत वह देश है जहां एकलव्य जैसा वीर कठिन तपस्या करके दिखा देता है भारत वह देश है जहां खुदीराम बोस बटुकेश्वर दत्त रानी गाडगुल्यू जैसे क्रांतिकारियों ने अपने शौर्य से आदर्श पेश किया।
कार्यक्रम में कविता मंगतानी, रोशन जहां पिंकी रैना, दिवाकर मिश्रा आदि उपस्थित थे कार्यक्रम का संचालन सतीश उपाध्याय ने किया ।