चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस को रायपुर तक बढ़ाने की मांग: : बेहतर स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा के लिए सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी बेहद जरूरी- हफीज मेमन
Praveen Nishee Sat, Jun 13, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। जिला सहित पूरे कोयलांचल क्षेत्र के नागरिकों की वर्षों पुरानी और बेहद महत्वपूर्ण मांग को लेकर युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हफीज मेमन ने देश के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक औपचारिक पत्र लिखकर चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या: 18258) का विस्तार प्रदेश की राजधानी रायपुर तक करने का पुरजोर आग्रह किया है। इस ऐतिहासिक फैसले से क्षेत्र के विकास, व्यापार और आमजन को एक नई संजीवनी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पर्याप्त समय और रैक का सही उपयोग संभव
रेल मंत्री को भेजे गए पत्र मे बताया गया हे कि वर्तमान में चिरमिरी से बिलासपुर के बीच चलने वाली रेलगाड़ी (संख्या: 18258) रात को चिरमिरी से रवाना होकर सुबह लगभग 4:30 से 5:00 बजे के बीच बिलासपुर स्टेशन पहुंच जाती है। चूंकि यह गाड़ी सुबह बेहद जल्दी बिलासपुर पहुंच जाती है, इसलिए इस ट्रेन के रैक के पास आगे रायपुर तक जाने और वहां से वापस आने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध रहता है। बिना किसी अतिरिक्त संसाधन या रेल के पहियों को रोके, इस ट्रेन का विस्तार रायपुर तक आसानी से किया जा सकता है।
ट्रेन विस्तार के मुख्य आधार और क्षेत्र की जरूरतें
व्यापार और व्यवसाय को गति: चिरमिरी, मनेंद्रगढ़ और आसपास का पूरा कोयलांचल क्षेत्र एक प्रमुख व्यवसायिक केंद्र है। यहां के व्यापारियों को अपने कारोबार के सिलसिले में लगातार राजधानी रायपुर आना-जाना पड़ता है, सीधी ट्रेन होने से उनका व्यापार सुगम होगा।
उच्च शिक्षा के लिए वरदान: क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और बड़ी कोचिंग के लिए रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, जिन्हें नियमित रूप से बेहद असुविधाजनक परिस्थितियों में आवागमन करना पड़ता है।
बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच: एमसीबी और कोयलांचल क्षेत्र में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का भारी अभाव है। गंभीर मरीजों को आपातकालीन और बेहतर इलाज के लिए रायपुर के एम्स व अन्य बड़े कॉर्पोरेट अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। सीधी कनेक्टिविटी न होने से मरीजों की जान पर बन आती है।
दोहरी ट्रेनों और बसों के झंझट से मिलेगी राहत
वर्तमान में सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी न होने के कारण यहां के नागरिकों, छात्रों, बुजुर्गों और विशेषकर गंभीर मरीजों को बिलासपुर में उतरकर दूसरी ट्रेन या बसों का सहारा लेना पड़ता है। इस पूरी प्रक्रिया में न केवल उनका कीमती समय और पैसा बर्बाद होता है, बल्कि उन्हें भारी मानसिक व शारीरिक परेशानी का भी सामना करना पड़ता है। आधी रात और सुबह के समय स्टेशन बदलने में सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ती है।
जनहित में त्वरित कार्रवाई की आस
युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हफीज मेमन ने समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से रेल मंत्री से करबद्ध प्रार्थना की है कि जनहित, छात्रहित और व्यापारियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस चिरमिरी-बिलासपुर गाड़ी संख्या 18258 को रायपुर रेलवे स्टेशन तक विस्तारित करने की कृपा करें। क्षेत्र की जनता ने इस निर्णय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार और त्वरित कार्रवाई की आशा व्यक्त की है, जिसके लिए वे सदैव रेल मंत्रालय के आभारी रहेंगे।

विज्ञापन