Advertisment

5th June 2026

BREAKING NEWS

सिल्वर बाइक में ‘हरा सोना’ भरकर चले थे तस्कर, अमलीपदर पुलिस ने रास्ते में ही बिगाड़ दिया पूरा खेल!

स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, एसडीएम लिंगराज सिदार ने रक्तदान कर किया शुभारंभ..

विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, एसडीएम लिंगराज सिदार ने रक्तदान कर किया शुभारंभ

विश्व पर्यावरण दिवस पर गोंडवाना मरीन फॉसिल्स में पौधा रोपण

बटालियन एवं पुलिस जवानों ने किया योगाभ्यास, स्वामी परमार्थ देव ने दिया अनुशासन और सकारात्मकता का संदेश

भव्य श्रमिक सम्मेलन में गूंजा : श्रमिक सशक्तिकरण का संदेश, योजनाओं से जोड़कर सम्मानजनक जीवन देने पर जोर

Praveen Nishee Thu, May 14, 2026

मनेंद्रगढ़। एमसीबी। जिला स्तरीय भव्य श्रमिक सम्मेलन श्रमिक कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक अधिकारों के प्रति शासन की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। डोमनापारा स्थित गोंडवाना समाज भवन, आरटीओ कैंप के पास आयोजित इस सम्मेलन में लगभग 600 निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सहायता एवं सशक्तिकरण से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सम्मेलन में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने श्रमिक वर्ग को राष्ट्र निर्माण, समाज विकास और आर्थिक प्रगति की आधारशिला बताते हुए कहा कि श्रमिकों के श्रम और योगदान के बिना विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि शासन श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने, सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने एवं उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए निरंतर अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक वितरित कर उन्हें आर्थिक संबल प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत राम सिंह को 1 लाख रुपये, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के अंतर्गत मालती सिंह को 20 हजार रुपये, मुख्यमंत्री सियान सहायता योजना के तहत कतर सिंह को 20 हजार रुपये, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा योजना के अंतर्गत नरेंद्र परस्ते को 45 हजार रुपये तथा मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत मंगली बाई को 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। सहायता प्राप्त हितग्राहियों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये योजनाएं श्रमिक परिवारों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला रही हैं

कार्यक्रम में श्रमिकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं, पंजीयन प्रक्रिया, शिक्षा सहायता, मातृत्व सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी विस्तारपूर्वक दी गई। सम्मेलन स्थल पर श्रमिकों में विशेष उत्साह, जागरूकता और शासन की योजनाओं से जुड़ने की सकारात्मक भावना देखने को मिली।

इस अवसर पर श्रमिक हित में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का मोमेंटो भेंट कर सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में रविशंकर सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि, उजित नारायण सिंह जिला पंचायत सदस्य, श्रीमती जानकी बाई कुसरो अध्यक्ष जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़, श्रीमती कविता देवी जनपद सदस्य, ओमप्रकाश गुप्ता सांसद प्रतिनिधि, श्रीमती मानमती सरपंच ग्राम पंचायत डोमनापारा, प्रवीण निशी अध्यक्ष भारतीय मजदूर संघ, प्रदीप गुप्ता जिला महामंत्री असंगठित मजदूर संघ, अजय विश्वकर्मा प्रतिनिधि असंगठित मजदूर संघ, सुश्री तनुजा मांझी श्रम पदाधिकारी, विनय सिंह ठाकुर श्रम निरीक्षक, सुश्री वैशाली सिंह सीईओ जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़, अनिल कुमार साहू कल्याण अधिकारी, गोपी सिंह श्रम निरीक्षक, करम लाल पटेल कल्याण निरीक्षक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मजदूर संघ प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय यह सम्मेलन श्रमिकों के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी जनजागरण अभियान के रूप में सफल रहा, जिसने श्रमिक वर्ग को शासन की योजनाओं से जोड़कर सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन की दिशा में नई प्रेरणा प्रदान की।

विज्ञापन

जरूरी खबरें