Advertisment

22nd June 2026

BREAKING NEWS

वसुंधरा क्लब, हसदेव क्षेत्र में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का गरिमामयी आयोजन

जागृति महिला समिति द्वारा आयोजित चार दिवसीय योग कार्यशाला का गरिमामय समापन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग प्रतियोगिता आयोजित, प्रतिभागियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

स्व.श्री लल्ला सिंह को श्रद्धांजलि, निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग

योग प्रतियोगिता में यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल ने फिर मारी बाजी; नए सत्र की शुरुआत 'विजयी' आगाज़ के साथ!

: विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित हुआ सर्वधर्म समारोह व वार्षिक पुरस्कार वितरण कार्यक्रम

Admin Sat, Feb 17, 2024

मनेन्द्रगढ़।एमसीबी। विजय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल में आज सर्वधर्म समारोह व वार्षिक पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। आज का यह कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी जिला-एम0सी0बी0  अजय मिश्रा, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी मनेन्द्रगढ़, सुरेन्द्र जायसवाल, प्राचार्य शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (शिक्षा विभाग)  सत्येन्द्र सिंह के आतिथ्य में आयोजित किया गया। सर्वधर्म समारोह के लिए धर्मावलंबी एवं प्रतिनिधि के रूप में जैन धर्म से सुश्री रश्मि जैन, सिख धर्म से गुरूचरण सिंह, हिन्दू धर्म से नीरज अग्रवाल, मुस्लिम धर्म से अधिवक्ता असफाक ईराकी, ईसाई धर्म से ओमप्रकाश एवं बोहरा समाज से अली अकबर को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का आरम्भ संस्था के शिक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला के सरस्वती वंदना के बीच माता सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष संस्था प्राचार्य श्रीमती इन्द्रा सेंगर एवं उपस्थित सभी अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलन व पुष्पांजली अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं के द्वारा अतिथियों के लिए स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। स्वागत गीत के पश्चात  जिला शिक्षा अधिकारी जिला एम.सी.बी. अजय मिश्रा एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी  सुरेन्द्र जायसवाल का स्वागत संस्था सचिव संजय सेंगर ने, प्राचार्य शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (शिक्षा विभाग)  सत्येन्द्र सिंह का स्वागत शिक्षक गुमान सिंह ने, जैन धर्म की प्रतिनिधि सुश्री रश्मि जैन का स्वागत शिक्षिका श्रीमती अरूणिमा सिंह ने, सिख समाज के प्रतिनिधि सरदार  गुरूचरण सिंह का स्वागत शिक्षक उपकार शर्मा ने, हिन्दू धर्म के प्रतिनिधि  नीरज अग्रवाल का स्वागत शिक्षक गुमान सिंह ने, मुस्लिम धर्म के प्रतिनिधि अधिवक्ता असफाक ईराकी का स्वागत शिक्षक आशीष अग्रवाल ने, ईसाई धर्म के प्रतिनिधि ओम प्रकाश का स्वागत शिक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने एवं बोहरा समाज के प्रतिनिधि  अली अकबर का स्वागत शिक्षक सुभेष सिंह ने अतिथियों को तिलक, माल्यापर्ण एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया। इसके पश्चात संस्था प्राचार्य श्रीमती इन्द्रा सेंगर ने अतिथियों को आज के इस कार्यक्रम के लिए अपना अमूल्य समय प्रदान करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि संस्था द्वारा प्रतिवर्ष वार्षिक पुरस्कार वितरतण एवं सर्वधर्म समभाव समारोह का आयोजन किया जाता है जिसमें आपकी गरिमामयी उपस्थिति हमारे और हमारी संस्था के लिए बहुमूल्य उपहार है। उन्होनें विद्यार्थियों का संबोधित करते हुए कहा कि धर्म एक मार्ग है जिसकी मंजिल एक ही है। हम किसी भी धर्म का अध्ययन करें हम पाते हैं कि सभी धर्म दया, सेवा और करूणा की भावना को महत्व देते हैं। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हम मानव है और मानवता ही हमारा धर्म है। जिला शिक्षा अधिकारी जिला  अजय मिश्रा ने विद्यालय प्रबंधन और विद्यालय परिवार को उनके अनुशासन व सेवा कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक, मानसिक व शारीरिक विकास के लिए विद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है जिसमें यह विद्यालय अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है जिसके लिए विद्यालय प्रबंधन व पूरा विद्यालय परिवार बधाई का पात्र है। उन्होनें आगे कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय के साथ-साथ उनके अभिभावकों की भी भूमिका और विद्यार्थियों की ईच्छा भी महत्वपूर्ण होती है। डीईओ अजय मिश्रा ने विद्यालय विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल के बोर्ड परीक्षा के उत्कृष्ठ परिणामों की प्रसंशा करते हुए विद्यालय को आगामी परीक्षा में और भी बेहतर परिणाम प्राप्त करने का लक्ष्य दिया। उन्होनें कहा जिले के सभी विद्यालय हमारे लिए एक बराबर हैं और हम सभी विद्यालयों से बेहरत परिणाम की अपेक्षा रखते हैं। हमारा कर्तव्य है कि हम अपने जिला के सभी विद्यालय परिवार के परिणाम को बेहतर से और भी बेहतरीन बनाये इसके लिए आप सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ विद्यार्थियों से अपेक्षाए रहती हैं। मुझे उम्मीद है कि आप सभी अच्छी मेहनत कर उत्कृष्ठ परिणाम लायेंगे और अपने माता-पिता, विद्यालय और अपने जिले का नाम रौशन करेंगे विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी  सुरेन्द्र जायसवाल ने कहा कि विद्यालय विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ठ पहचान बनाए हुए है। इस विद्यालय के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में राज्य स्तर पर अपना स्थान बनाये रखते हैं जिसके लिए विद्यालय प्रबंधन, विद्यालय परिवार व विद्यार्थी बधाई के पात्र हैं। आप सभी इसी प्रकार सार्थक मेहनत करते हुए अपने क्षेत्र का नाम रौशन करें। उन्होनें विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुस्लिम धर्म प्रतिनिधि अधिवक्ता असफाक ईराकी ने विद्यालय प्रबंधन को सर्वधर्म समभाव समारोह के आयोजन के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी एक ही सत्ता जिसे हम अलग-अलग नाम से संबोधित करते हैं उसकी कृति हैं उसने हमें मानव के रूप में नवाज़ा है इसलिए हमारा पहला और मुख्य धर्म मानवता है। आप गहराई से अध्ययन करें तो पायेंगे कि सभी धर्म मानवता और मानवता की सेवा की ही बात करते हैं। इसका अर्थ एक ही है कि सभी धर्म का एक ही लक्ष्य है मानवता और मानव की सेवा। भारत की अनेकता में एकता ही भारत की वास्तविक सुंदरता है। इसे संकीर्ण मानसिकता से गंदा ना करें। विद्या और विद्या अध्ययन का सभी धर्म समर्थन करते हैं इसलिए विद्या अध्ययन कर विद्वान बनें और अपने माता-पिता, विद्यालय और अपने क्षेत्र का नाम रौशन करें। हिन्दू धर्म के प्रतिनिधि नीरज अग्रवाल ने कहा कि धर्म हमें जीवन जीने की कला सिखाता है। यदि आप शुभ कर्मों के लिए शुभ आचरण का पालन करते हैं तो आप धार्मिक हैं और इसके विपरीत आचरण करते हैं तो आप अधार्मिक कहलायेंगे। मानव जीवन का आधार शुभ आचरण का पालन करना है। मानव जीवन मानवता की सेवा के लिए है यही सबकुछ प्रत्येक धर्म सिखाते है। छात्र जीवन में धर्माचरण अतिआवश्यक है क्योंकि धर्म भी हमें संयम, धैर्य, त्याग, ध्यान, दया, करूणा आदि की शिक्षा देता है और छात्र जीवन इन सभी गुणों के अभाव में व्यर्थ है। जैन धर्म की प्रतिनिधि सुश्री रश्मि जैन ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में संयम और त्याग का महत्वपूर्ण स्थान है। यदि विद्यार्थी संयमित होकर रहता और अनावश्यक वस्तुओं और सुखों का त्याग करता है तो वह अपने जीवन का लक्ष्य आसानी से प्राप्त कर लेता है। ईसाई धर्म प्रतिनिधि  ओम प्रकाश ने भी कहा कि सभी धर्म इंसान और इंसानियत को प्राथमिकता देते हैं। हम शुक्रगुज़ार है कि उस परमेश्वर ने हमें इंसान के रूप में जीवन दिया। धर्मों की विभिन्नता सिर्फ मार्गों की भिन्नता है बाकी उसका लक्ष्य एक ही है। सरल शब्दों में कहा जाए तो धर्म सत्य की खोज का नाम है। हम खुशकिस्मत हैं कि हमारा जन्म भारत में हुआ। पूरे विश्व में भारत की भूमि ही एक ऐसी भूमि है जहाॅ पर सभी जाति, धर्म, संस्कार, रीति-रिवाज़, परम्पराओं आदि का सुन्दर मिश्रण देखने को मिलता है और यही भारत की सुंदरता है। हमें यह सुन्दरता बनाए रखना है और यह तभी संभव है जब हम शिक्षा ग्रहण करेंगे और विद्वान बनेंगे। बोहरा समाज के प्रतिनिधि  अली अकबर ने कहा कि अध्ययन करना या पढ़ाई करना हम सभी के लिए अति आवश्यक है। कहा जाता है कि जिनके माता-पिता नहीं होते वे यतीम कहलाते हैं किन्तु सही अर्थ में जो अनपढ़ होता है वही यतीम होता है, क्योंकि जब आप अशिक्षित होते हैं तो आप समाज से कटते हैं और अकेला रह जाते हैं। वहीं जब आप शिक्षित होते हैं, ज्ञानी होते हैं तो आप एक बेहतर इंसान बनने की कोशिश करते हैं। आप अच्छे लागों से जुड़ते हैं और अच्छे लोग आप से जुड़ते हैं इस प्रकार आपका एक परिवार-समाज तैयार होता है। उन्होनें कहा कि हमारे जीवन में शिक्षा का महत्वपूर्ण स्थान है हमें शिक्षित होने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होनें विद्यालय प्रबंधन और विद्यालय परिवार को उनके सेवा कार्य के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी। सिख धर्म के प्रतिनिधि सरदार गुरूचरण सिंह ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में ’’3-डी’’ डिसीप्लीन, डेडीकेशन और डिटरमेशन का विशेष महत्व है। अनुशासन, समर्पण और दृढ़ निश्चय के द्वारा ही जीवन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होनें विद्यार्थियों को आगामी परीक्षा की अच्छी तैयारी करने की सलाह दी साथ ही स्वास्थ्य के लिए नियमित योगा करने की बात कही। साथ ही कहा कि आप जीवन में वंचित वर्ग की सेवा जरूर करें। इसके साथ ही वार्षिक पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को उनके पूरे सत्र में किये गये उत्कृष्ठ कार्य के अनुसार प्रथम, द्वितीय, तृतीय व सान्त्वना पुरस्कार प्रदान किया गया इसी क्रम में संस्था में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी उनके कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया। इस कड़ी में नृत्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए मनीष सोरेन, चित्रकला के लिए दीपक सर, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों के लिए पूनम सोरेन, सांस्कृतिक कार्यक्रम में विशेष सहयोग प्रदान करने के लिए अर्पिता चौधरी, रागिनी गुप्ता, साक्षी पाण्डेय, अनिता यादव, क्राफ्ट वर्क एवं बोर्ड डेकोरेशन के लिए प्रिया श्रीवास्तव, स्काउट एवं गाइड के लिए सुभेष सिंह एवं विभिन्न प्रकार के सभी कार्यालयीन कार्यो के सफल क्रियान्वयन के लिए उपकार शर्मा को पुरस्कृत व सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संस्था सचिव संजय सेंगर ने कार्यक्रम में आये सभी अतिथियों को उनके बहुमूल्य समय व विचार प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संस्था के सभी शिक्षिक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के शिक्षक राकेश मिश्रा और कला शिक्षिका सुश्री पूनम सोरेन ने किया।

विज्ञापन

जरूरी खबरें